जौनपुर: नेवादा अंडरपास पर पुलिस मुठभेड़, फायरिंग के बाद बदमाश गिरफ्तार – जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल

पुलिस मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार: नेवादा अंडरपास पर हुई फायरिंग, पैर में गोली लगने से घायल

जौनपुर में रविवार देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश नेवादा अंडरपास के पास किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अंडरपास के दोनों ओर घेराबंदी कर ली। कुछ देर बाद कजगांव की ओर से एक व्यक्ति पैदल आता दिखा। पुलिस को देखकर वह कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में वरिष्ठ उप निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह और उप निरीक्षक अरविंद यादव ने अपनी सरकारी पिस्टल से फायर किया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश की पहचान नसीम अहमद उर्फ कल्लू कंकाली के रूप में हुई है, जो खेतासराय थाना क्षेत्र के लेदरही गांव का निवासी है। उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी को रात करीब 12:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

और नया पुराने